इस्माईलाबाद। गांव कुम्हार माजरा में जबरदस्ती धान की फसल को नष्ट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने जमीन मालिक बलदेव सिंह की शिकायत पर तीन महिलाओं सहित पांच आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया है। शिकायकर्ता बलदेव सिंह ने पुलिस को बताया कि रात्रि के समय 15 से 20 व्यक्ति पंजाब से आकर उसकी दो एकड़ धान की फसल को नष्ट कर गए। उसने करीब 20 दिन पहले रोपाई की थी। व्यक्ति के अनुसार फसल नष्ट करने आए लोगों के पास हथियार थे। वहीं उन्होंने फसल नष्ट करते समय फायरिंग भी की। जिस खेत से फसल नष्ट की गई, वह उसकी मलकियत जमीन है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने कहा कि धान की फसल नष्ट करने संबंधी मामला कुम्हार माजरा के एक किसान ने दर्ज कराया है। जायजा लेने गए तो वहां कुछ धान की फसल नष्ट पाई गई, लेकिन फायरिंग बारे फिलहाल मौके पर पता नहीं चल पाया। बलदेव सिंह की शिकायत पर शेर सिंह, सुरिंद्र सिंह, हरजीत कौर, बलजीत कौर और सुखविंद्र कौर के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।