रेहड़ी, ढाबों, खोखों में शराब के लिए रखे गिलास तोड़े
अमर उजाला ब्यूरो
लाडवा। पुलिस ने असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए रेहड़ी, डाबों व दुकानों आदि पर बैठकर शराब पीने एवं पिलाने वालों के खिलाफ कड़ी कारवाई शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष सुरेंद्र सिह के नेतृत्व में एएसआई रणजोर सिंह एवं उनकी टीम ने इस अभियान के तहत गत रात्रि लाडवा इंद्री चौक, मीट मार्केट, हिनौरी चौक, बस अड्डा तथा बाबैन चौक सहित सड़क किनारे लगी अंडे आदि की रेहड़ी, खोखे, दुकान, ढाबों आदि पर जाकर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने रात के समय इन पर बैठकर शराब पीने वालों को खदेड़ा तथा चेतावनी देकर छोड़ा गया कि यदि आगे शराब पीते पाए गए तो उनके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। वहीं दुकानदारों को भी चेतावनी देकर छोड़ा गया तथा रेहड़ी, ढाबों, खोखों में शराब पीने के लिए रखे गए गिलासों को भी तोड़ा गया। थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि सबसे ज्यादा सड़क दुर्घटनाएं एवं मारपीट के मामले शराब के नशे के कारण हो रही है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की करते हुए अपनेे वाहनों के आगे-पीछे नंबर लिखवाने के भी निर्देश दिए।