लाडवा। गांव बपदी कॉलोनी के मृतक लवदीप मामले में लाडवा पुलिस ने छठा आरोपी धर्मपाल को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर निर्मल कुमार ने बताया कि इस मामले में पहले ही 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों ने विकास नगर कॉलोनी के धर्मपाल सहित योगेश, राजन, विक्रम, अमित व मनीष पर मारपीट कर हत्या कर नहर में फेंकने का आरोप लगाया था। उन्होंने बताया कि मृतक लवदीप की गत शुक्रवार को पश्चिमी यमुना नहर में थाना इंद्री के पास मिली थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर सभी 6 के खिलाफ मामला दर्ज कर योगेश, राजन, विक्रम, अमित व मनीष को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था। छठे आरोपी धर्मपाल को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं इस मामले में पूर्व विधायक रमेश गुप्ता मृतक के परिजनों से मिले और उनके प्रति संवेदना व्यक्त की। मृतक के परिजनों ने पूर्व विधायक रमेश गुप्ता को आपबीती सुनाते हुए पुलिस कारवाई में मदद की गुहार लगाई। गौरतलब है कि 18 जुलाई को गांव बपदी कॉलोनी निवासी लवदीप को पहले विकास नगर व फिर लाडवा मंडी में कुछ युवकों ने जमकर पिटाई की थी। 21 जुलाई को सुबह मृतक लवदीप का शव पश्चिमी यमुना नहर में इंद्री के पास तैरता मिला। मृतक के शरीर पर चोट के निशान थे।