अमर उजाला ब्यूरो
इस्माईलाबाद।
बाइक सवार दुकानदार को पहले कार से टक्कर मारे जाने और बाद में कई युवकों द्वारा विंडों से हमला करने का मामला प्रकाश में आया है। कस्बा वासी गगन अग्रवाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह देर रात्रि अपनी दुकान बंद कर अनाजमंडी के गोगा मेडी वाले गेट से अपने घर जा रहा था। उसी दौरान गोगा मेडी की ओर से एक काले रंग की सफारी गाड़ी आई और उसकी बाइक को जानबूझ कर टक्कर मार दी। तभी गाड़ी से 8-9 युवक उतरे और उस पर विंडों से हमला कर दिया। जिसके चलते वह बुरी तरह से घायल हो गया। वहां मौजूद पल्लेदारों को एकत्रित होता देख हमलावर मौके से फरार हो गए और जाते वक्त उसे जान से मारने की धमकी दे गए। गगन ने अपनी शिकायत में बताया कि वह हमला करने वालों में सिंदबाज, अरुण, मंदीप, आयुष व अन्य युवक आदि शामिल थे। थाना प्रभारी जयनारायण शर्मा ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर सिंदराज, अरुण, मंदीप, आयूष व अन्य के खिलाफ मारपीट करने के आरोप में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।