कुरुक्षेत्र। अमेरिका की जगह युवक को मलेशिया भेजकर 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी में पुलिस ने महिला सहित पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों ने युवक को एक साल तक मलेशिया में ही रखा। बाद में शिकायतकर्ता ने अपने खर्च पर अपने बेटे को मलेशिया से वापस बुलाया।
थाना केयूके में दर्ज शिकायत में कर्म सिंह निवासी तिगरी खालसा ने बताया कि आरोपी दंपती मनोहरी लाल उर्फ राणा, गीता देवी निवासी बहोला जिला करनाल, उसी के गांव के राजेंद्र उसके पिता टेकचंद और सैयद नियाज अहमद निवासी बंगलुरु ने उसके बेटे विक्रम को अमेरिका भेजने का आश्वासन दिया था। आरोपियों ने विक्रम को कानूनी तरीके से अमेरिका भेजने की बजाय धोखा करते हुए मलेशिया भेज दिया। आरोपियों ने उसके बेटे को एक साल तक मलेशिया में ही रखा। आरोपियों ने विक्रम को आगे निकालने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की। अमेरिका के एवज में आरोपियों ने उससे एडवांस 15 लाख रुपये मांगे थे। उसने 10 लाख रुपये मनोहरी के खाते में आरटीजीएस किए और पांच लाख रुपये नकद दिए थे। बाद में उसने अपने खर्च पर विक्रम को वापस घर बुला लिया। रुपये मांगने पर आरोपी उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।