ओपीजी स्कूल में बच्चों ने लगाई विज्ञान प्रदर्शनी
अमर उजाला ब्यूरो
लाडवा।
ओपीजी मेमोरियल स्कूल में शनिवार को सामाजिक विज्ञान प्रदर्शनी और अध्यापक-अभिभावक मिलन समारोह आयोजित किया गया। विज्ञान प्रदर्शनी में बच्चों के विभिन्न विषयों पर बनाए मॉडल प्रदर्शित किए गए। बच्चों ने वर्षा जल संरक्षण, जल तंत्र, पनामा नहर, हरित गृह, नदियों की आकृतियां, क्ले से विभिन्न नक्शे बनाए और उनका प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी का शुभारंभ स्कूल के निदेशक सुमित गर्ग ने किया। अभिभावकों और अन्य अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। सभी ने बच्चों के मॉडलों की सराहना की। इस अवसर पर स्कूल की प्रिंसिपल भावना गर्ग ने कहा कि बच्चों में छिपी प्रतिभा को सही दिशा देने के लिए इस तरह के आयोजन जरूरी हैं। बच्चे अपनी प्रतिभा से देश की दिशा बदल सकते हैं और समाज में बदलाव ला सकते हैं। अध्यापक-अभिभावक मिलन समारोह में अभिभावकों ने अध्यापकों से अपने बच्चों की शैक्षिक प्रगति के बारे में जानकारी ली।