इस्माईलाबाद। रोहटी गांव में मकान की छत की कड़ी गिरने से 14 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। हादसे के वक्त मासूम सागर घर के अंदर ही मौजूद था। झांसा थाना पुलिस ने इत्तेफाकिया रपट दर्ज की है।
झांसा थाना प्रभारी प्रदीप ने बताया कि थाना में सूचना प्राप्त हुई कि रोहटी निवासी गुलाब सिंह अपने मकान की छत पर मिट्टी डाल रहा था। छत पर मिट्टी का अधिक वजन होने के कारण छत में लगी हुई कड़ी टूट गई। कड़ी का एक हिस्सा टूटकर घर के अंदर बैठे सागर के सिर में लग गया। परिजन तुरंत सागर को अंबाला अस्पताल में लेकर गए, जहां पर चिकित्सकों ने जांच के बाद सागर को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
नौवीं कक्षा में पढ़ता था सागर
सागर नौवीं कक्षा में पढ़ता था। हादसे के समय वह घर में ही मौजूद था, जबकि परिवार के सदस्य बरसाती सीजन से पहले घर की छत पर मिट्टी डालने का कार्य कर रहे थे। सागर की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।