शाहाबाद। हरियाणा देश का एकमात्र प्रदेश है जो सबसे अधिक 14 फसलें न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदता है। गत वर्षों में सरकार ने किसानों को उनकी फसलों का अधिकतम मूल्य देने का प्रयास किया है। ये विचार हैफेड के चेयरमैन कैलाश भगत ने व्यक्त किए। वे यहां सब्जी मंडी के आढ़ती सुखदेव सिंह एवं राजेंद्र सिंह के विशेष निमंत्रण पर सब्जी मंडी पहुंचे थे, जिस दौरान आढ़तियों के साथ भी उन्होंने विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने कहा कि पिछले साल हैफेड ने पांच हजार रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से सूरजमुखी की फसल की खरीद की। सूरजमुखी की फसल पर सरकार ने भावांतर भरपाई योजना के अंतर्गत एक हजार रुपये प्रति क्विंटल किसान के खाते में डालकर करीब छह हजार रुपये प्रति क्विंटल किसान को उसकी सूरजमुखी की फसल का मूल्य दिया। कैलाश भगत ने बताया कि पहली बार हैफेड ने एक हजार करोड़ रुपये का रिकॉर्ड निर्यात करके प्रदेश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। हैफेड द्वारा इंग्लैंड एवं अरब देश दुबई व यूएई. में किए गए निर्यात से हरियाणा प्रदेश के दूसरे देशों के साथ संबंध विकसित हुए हैं। लोकसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर जवाब देते हुए हैफेड चेयरमैन कैलाश भगत ने कहा कि अगर पार्टी ने उन्हें टिकट दिया तो वह निश्चित ही जनता की सेवा करेंगे।
उन्होंने कहा कि अगर पार्टी उन्हें टिकट न देकर किसी और को प्रत्याशी बनाती है तो वह पार्टी के प्रति पूरी निष्ठा व लगन के साथ उस प्रत्याशी को भी जिताने का काम करेंगे। कैलाश भगत ने बताया कि अभी हाल ही में उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल एवं प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी की उपस्थिति में यमुनानगर, रादौर, लाडवा, कुरुक्षेत्र, चीका, पूंडरी व कैथल आदि क्षेत्रों से भारी संख्या में लोगों को भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण करवाई है। इससे पूर्व कैलाश भगत सब्जी मंडी एसोसिएशन के प्रधान काला आहूजा के व्यापारिक प्रतिष्ठान पर भी गए। इस अवसर पर विक्की सेठी, स्वर्ण सिंह, मनदीप सिंह, साहब सिंह, सोनू सेतिया, गुरदीप सिंह, जगतार सिंह, बलविंदर सिंह, हरविंदर संधू सहित सब्जी मंडी के अन्य आढ़ती मौजूद रहे।