कुरुक्षेत्र/इस्माईलाबाद। एक युवक को अमेरिका भेजने की आड़ में साढ़े 13 लाख रुपये ठग लिए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाते हुए झांसा निवासी गुरदयाल सिंह ने बताया कि वह अपने बेटे जसवंत को विदेश भेजना चाहता था। उसकी मुलाकात गत वर्ष मई माह में नरेंद्र सिंह से हुई, जिसने बताया कि वह और उसके रिश्तेदार विक्रम सिंह एवं मनप्रीत कौर निवासी आरकेपुरम करनाल युवाओं को विदेश भेजने का काम करते हैं। वह उनके बेटे को भी अमेरिका भेज देंगे, जिसके लिए 38 लाख रुपये देने होंगे।
वह उनकी बातों में आ गया और उनके कहे अनुसार आठ लाख रुपये एडवांस में दे दिए जिनके साथ दस्तावेज भी दिए। इसके बाद आरोपी उन्हें जल्द काम पूरा हो जाने का भरोसा देते रहे तो एक दिन उन्हें वीजा व टिकट भी दिखाई, जिसके साथ ही साढ़े पांच लाख रुपये और देने को कहा। उन्होंने यह रकम भी दे दी। इसके बाद आरोपियों ने उनसे बातचीत करना ही बंद कर दिया तो वहीं उसके बेटे को अमेरिका भी नहीं भेजा। यहां तक कि उसके दस्तावेज भी नहीं दिए। इसके बाद उसे रकम वापस मांगें जाने पर धमकी दी जाने लगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।