कुरुक्षेत्र। प्रदेश का एकमात्र श्री कृष्णा राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज अब श्री कृष्णा आयुष विश्वविद्यालय बन गया है। गांव फतुहपुर में प्रस्तावित यह विश्वविद्यालय फिलहाल कॉलेज से ही चलाया जाएगा, जिसके लिए कॉलेज भवन की साज- सज्जा कर नया रूप दिया जा रहा है। कॉलेज के मुख्य गेट पर जहां अब तक श्री कृष्णा राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज लिखा हुआ था वहीं मंगलवार को यहां श्री कृष्णा आयुष विश्वविद्यालय लिख दिया गया है, जिससे अब इस कॉलेज की पहचान आयुष विश्वविद्यालय के रूप में शुरू हो गई है। बता दें कि उक्त गांव में करीब 94 एकड़ में यह विश्वविद्यालय स्थापित किया जाना है, जिसके लिए हालांकि अभी निर्माण कार्य शुरू नहीं किया जा सका है। इसी के चलते कॉलेज भवन में ही फिलहाल कुलपति डॉ बलदेव धीमान, रजिस्ट्रार कृष्ण कुमार जाटियान के कार्यालय स्थापित किए गए है तो वहीं अन्य कामकाज भी यहीं से शुरू कर दिया गया है। हाल ही में प्रदेश सरकार ने अधिसूचना जारी कर सभी आयुर्वेदिक कॉलेजों को इस विश्वविद्यालय के अधीन किया गया है तो वहीं इसी सत्र से ही इन कॉलेजों में विभिन्न कोर्स में दाखिले के लिए काउंसिलिंग करने का अधिकार भी इस विश्वविद्यालय को दे दिया है। इसके लिए भी अधिसूचना जारी की जा चुकी है।