फोटो 37
शाहाबाद नपा की हद में काम नहीं कर सकेंगे झोला छाप डाक्टर
- सभी बाजारों से हटाया जाएगा शहर से अतिक्रमण
- नपा सचिव ने पत्रकारों से बातचीत में किया खुलासा
अमर उजाला ब्यूरो
शाहाबाद । नगरपालिका की हद में अब झोला छाप डॉक्टरों की दुकानें नहीं चल पाएंगी। इन्हें हटाने के लिए जल्द ही कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी, जिसके लिए ऐसे डॉक्टरों की सूची बनाए जाने के निर्देश दे दिए गए है। यह सूची जिला उपायुक्त के पास भेजी जाएगी, ताकि कोई कार्रवाई अमल में लाई जा सके। यह जानकारी देते हुए नगर पालिका सचिव मदन कुमार चौहान ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश हैं कि सड़क या आस-पास किसी तरह का फलेक्स बोर्ड न हो और अगर नियमों को ताक पर रख किसी ने फलेक्स बोर्ड लगाया तो कार्रवाई निश्चित रूप से होगी। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को फलेक्स बोर्ड उतारने के निर्देश दिए। नपा सचिव ने दावा किया कि पूरे शहर के बाजारों से अतिक्रमण को हटाया जाएगा और नपा क्षेत्र की निशानदेही करवाई जाएगी ताकि नपा की जमीन पर किसी तरह का अवैध अतिक्रमण न हो। उन्होंने यह भी कहा कि सामान से लोड गाडिय़ों का बाजार में जाने का समय निश्चित किया जाएगा, ताकि नगर के बाजारों में जाम के हालात पैदा न हो। चौहान ने कहा कि पॉलिथीन पाबंदी को पूरी तरह से लागू करने के लिए गुप्त आधार पर कार्रवाई की जाएगी और नगर में पॉलिथीन का निर्माण करने वालों व दुकानों पर इसका प्रयोग करने वालों के चालान किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के साथ किसी तरह का समझौता नहीं होगा इसलिए सफाई कर्मचारी अपनी डयूटी को बाखूबी निभाएं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता में शाहाबाद को हरियाणा में नंबर वन पर लेकर आना है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से अपना-अपना रिकार्ड अपडेट रखने के लिए प्रेरित किया और कहा कि प्रतिदिन उन्हें प्रत्येक काम की रिपोर्ट चाहिए।