अमर उजाला ब्यूरो
पिहोवा।
सरकारी डिपो की दाल खरीदने व बेचने के आरोप में पुलिस ने एक दुकानदार व डिपो धारक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सिटी चौकी इंचार्ज भीमराज ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सब्जी मंडी स्थित करियाना मार्केट में एक दुकानदार विशाल अवैध रुप से सरकारी डिपो की दाल बेचता है। उसके इस काम में डिपो धारक सुरेश कुमार उक्त दुकानदार को दाल बेचकर मोटा मुनाफा कमा रहा है। दोनों मिलीभगत करके सरकार को चूना लगा रहे है। आज भी उक्त दुकानदार ने इस डिपो धारक से काफी मात्रा में दाल खरीदी है। जो कि दुकानदार के गोदाम में रखी हुई है तथा रविवार की छुट्टी का फायदा उठाकर दुकानदार इसे निकालने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस ने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निरीक्षक संजीव शर्मा को साथ लेकर मौके पर रेड कर दी। जहां से पुलिस ने सरकारी डिपो की 24 कट्टे तकरीबन 6 क्विंटल दाल बरामद कर ली। पुलिस ने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निरीक्षक संजीव शर्मा की शिकायत पर दुकानदार विशाल व डिपो धारक सुरेश कुमार के खिलाफ आम जनता व विभाग के साथ धोखाधड़ी करने के आरोप में दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इंचार्ज भीमराज ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया था। जहां से दुकानदार विशाल को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं डिपो धारक सुरेश कुमार को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।