इस्माईलाबाद। रास्ता रोककर हमला करने और बंधक बनाने के आरोप में पुलिस ने 13 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सतीश कुमार निवासी मलिकपुर ने थाना में दर्ज शिकायत में बताया कि वह 19 मार्च की शाम अपने दोस्त पंकज व कुलविंद्र सिंह के साथ बाइक पर गांव मांडी से आ रहे थे। जैसे ही वे गांव कंथला नहर की पुलिया के पास पहुंचे तो सड़क पर पांच युवक खड़े थे। उन्होंने उनसे आगे जाने के लिए रास्ता देने की बात कही तो वे तैश में आ गए और बहस करने लगे। तभी एक युवक ने ईंट उठाकर उसके सिर में मार दी, जिससे वह नीचे गिर गया। शोर सुनकर गांव की ओर कुछ लोग आ गए। उसे अस्पताल ले जाने के लिए सूचना पाकर आकाशदीप, युवराज, संजीव अपनी गाड़ी में आए तो उन लोगों ने युवराज, आकाशदीप व संजीव पर भी हथियारों व लाठियों से हमला कर दिया। वहीं युवराज व आकाशदीप को उठाकर आरोपियों ने अपने घर के अंदर बंद कर दिया। संजीव व कुलविंद्र ने उसे बाइक पर अस्पताल में दाखिल कराया, जहां से उसे एलएनजेपी अस्पताल रेफर कर दिया। हमला करने में सुमित, राज कुमार, प्रदीप, सागर, नरेश कुमार, गुरमेल सिंह, अजय, अमन, रोकी, हैप्पी, सिगा, बुंडी व प्रवेश सहित अन्य शामिल थे। शिकायत पर पुलिस ने 13 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।