कुरुक्षेत्र। प्रतिभा खोज कार्यक्रम के अंतर्गत हरियाणा सुपर 100 की परीक्षा मंगलवार को हुई, इसके लिए जिले भर में पांच परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इन परीक्षा केंद्रों पर 1218 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा के लिए राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुरुक्षेत्र, राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लाडवा, राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शाहाबाद, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पिहोवा तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कसीथल सहित पांच विद्यालयों को केंद्र बनाया गया।
नोडल अधिकारी एवं जिला विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. तरसेम कौशिक ने बताया कि सुपर 100 परीक्षा के लिए 1409 विद्यार्थियों ने पंजीकरण करवाया था, जिसमें से 1218 विद्यार्थियों ने सुपर 100 की परीक्षा में उपस्थिति दर्ज की। इस परीक्षा में आवेदन के लिए अभ्यर्थी के लिए कक्षा नौंवी में 60 प्रतिशत या इससे अधिक अंक की अनिवार्यता रखी गई थी। उन्होंने बताया कि विद्यालय शिक्षा विभाग तथा विकल्प संस्थान के सहयोग से हरियाणा सुपर 100 कार्यक्रम की शुरुआत 2018 में की गई थी, जिसका उद्देश्य राजकीय विद्यालयों की कक्षा 10वीं में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को आईआईटी, एनआईटी, नीट, एनडीए इत्यादि प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं के लिए तैयार करना है। सुपर 100 कार्यक्रम ग्रामीण अंचल में छिपी प्रतिभाओं को अवसर प्रदान करने का कार्य कर रहा है।
जिला शिक्षा अधिकारी रोहतास वर्मा ने राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुरुक्षेत्र परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया तथा केंद्र अधीक्षक को जरूरी दिशा निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि सुपर 100 परीक्षा का परिणाम 15 मार्च को आएगा व उसके बाद नौ अप्रैल को दूसरे चरण की परीक्षा होगी, जिसका परिणाम सात मई को आएगा। तत्पश्चात 15 मई से कुरुक्षेत्र के बारना गांव में स्थित विकल्प संस्थान में कक्षाएं शुरू होंगी।