पर्यावरण संरक्षण को निकाली साइकिल रैली
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। पर्यावरण को संरक्षित करने और सुधार के लिए प्रेरणा समिति ने रविवार को साइकिल चलाओ रैली निकाली। पर्यावरण प्रेमियों द्वारा 186वीं जागरुकता रैली विभिन्न सेक्टर से होती हुई निकली। इसके माध्यम से राहगीरों को जागरुक करने के साथ सेक्टर-5 की सब्जी मंडी में भी लोगों को साइकिल सवारी अपनाने का संदेश दिया। मुख्य संयोजक डा. अशोक वर्मा ने कहा कि दैनिक जीवन के छोटे-छोटे कार्य जैसे मंडी से सब्जी लाना, दूध और घरेलू सामान लाने के लिए साइकिल की सवारी का प्रयोग करके पेट्रोलियम ईंधन को बचा सकते हैं। वहीं प्रदूषण को कम करने में भी साइकिल का विशेष योगदान है। योग शिक्षिका राज पंवार ने कहा कि शादी-विवाह एवं अन्य खुशी के मौकों पर पटाखे इत्यादि प्रयोग नहीं करना चाहिए। इससे वायु प्रदूषित होने के अलावा ध्वनि प्रदूषण के कारण रात को लोगों की नींद में बाधा पहुंचती है। सूबेदार रविंद्र कौशिक ने कहा कि देश के प्रत्येक नागरिक को साइकिल चलाने की तरफ ध्यान देना चाहिए। इस अवसर पर विक्रम, राहुल, मनोज, दीपांशु औरसौरव धीमान सहित अन्य शामिल रहे।