कुरुक्षेत्र। गांव कोलापुर में बोलेरो सवार युवक चीनी की जगह निम्न स्तर का चावल बेचकर फरार हो जाने का मामला प्रकाश में आया है। लोगों को चावल के कट्टे खोले जाने पर अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ। जानकारी के अनुसार सुबह ही बोलेरो में सवार करीब छह युवक गांव में पहुंचे, जहां उन्होंने एक खुले कट्टे में चीनी दिखाई और प्रति कट्टा 1250 रुपये रेट बताया। चीनी व रेट को देख गांववासी सूच्चा सिंह व गुरनाम ने 6 कट्टे खरीद लिए, लेकिन कुछ देर बाद घर में परिजनों ने एक कट्टा खोला तो उसमें निम्न स्तर का चावल भरा मिला। इसके बाद अन्य कट्टे भी खोले गए तो उनमें भी यह चावल ही पाया गया। इससे ग्रामीणों को अपने साथ ठगी का एहसास हुआ तो उन्होंने बोलेरो सवार युवकों को ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वे फरार हो चुके थे। गांव में यह मामला चर्चा का विषय बना रहा जबकि देर रात तक भी इस संबंध में किसी ग्रामीण ने पुलिस को शिकायत नहीं दी थी।