पशु को बचाने में अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराया वाहन, चालक की मौत, चार अन्य घायल
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। लाडवा-मुस्ताबाद रोड पर अचानक रास्ते में आवारा पशु आने से अनियंत्रित होकर टाटा ऐस गाड़ी पेड़ से टकरा गई। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गाड़ी में सवार अन्य चार लोग घायल हो गए। मृतक चालक की पहचान जिला यमुनानगर के गांव बापा निवासी सुखवीर पुत्र जोगिंद्र के रूप में हुई है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एलएनजेपी अस्पताल कुरुक्षेत्र में भेज दिया है। जानकारी के अनुसार हादसा उस वक्त हुआ, जब गाड़ी मंगलवार शाम को मुस्ताबाद रोड से होते हुए अंबाला से लाडवा की ओर आ रही थी। तभी संजय गांधी स्कूल के निकट आवारा पशु को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर वाहन पेड़ से जा टकराया और चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पुलिस ने सूचना पाकर घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में दाखिल कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल कुुरुक्षेत्र में भेज दिया गया है। मृृतक की उम्र 55 साल के करीब बताई जा रही है।