कनाडा भेजने का झांसा देकर चार लोगों ने एक युवक से 12.82 लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने 20 लाख रुपये में उसे कनाडा भेजने का सपना दिखाया था, मगर उसे न कनाडा भेजा और न ही उसके पैसे वापस किए। शिकायत पर बाबैन पुलिस ने चारों लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। गांव भैणी वासी अनिल कुमार ने बाबैन थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि वह बेरोजगार था और विदेश जाना चाह रहा था। इसी सिलसिले में वह अक्तृबर 2019 में गांव के ही रामपाल से मिला था। रामपाल ने उसे बताया कि उसका एक जानकार लुधियाना वासी पीटर है, जो मलेशिया में रहता है। उसकी जानकारी कनाडा, अमेरिका, जापान व अन्य देशों की दुतावास में है। रामपाल ने उसे पीटर का मोबाइल नंबर दे दिया था। जब उसने पीटर को फोन किया तो उसने बताया कि उनका लुधियाना में कार्यालय है। वह कई युवक व दंपती को विदेश में भेजा चुका है। आरोपी पीटर ने उसे 20 लाख रुपये में कनाडा भेजने का विश्वास दिलाया था। उसे बताया गया कि उसका पहले मलेशिया का वीजा लगेगा और उसके बाद मलेशिया से कनाडा भेजा जाएगा। भारत से मलेशिया, मलेशिया से कनाडा तक का सारा खर्च 20 लाख रुपये होगा। उसे आधी रकम पहले देनी होगी और बकाया रकम कनाडा पहुंचने पर लेंगे। इस पर उसने आरोपी को बताया कि वह इतनी बड़ी रकम एक साथ नहीं देगा बल्कि कनाडा जाने से पहले थोड़े-थोड़े करके पैसे देगा। इस पर उनके बीच सहमति बन गई। आरोपी ने उसके दस्तावेज व पासपोर्ट कॉपी व्हाट्सएप पर वीजा लगवाने के लिए मंगवा लिए थे। शिकायतकर्ता ने आरोपी व उसके साथ मनप्रीत, फरहाना के खाते में 12 लाख 82 हजार रुपये जमा कराए थे। आरोपी ने 22 जनवरी 2020 को मलेशिया का वीजा भेजा तो वह 24 जनवरी को मलेशिया पहुंच गया था। वहां पर आरोपी उसे कनाडा भेजने के लिए टालमटोल करने लगा तथा उसे यह कहकर वापस भारत बुला लिया कि उसका सीधा भारत से ही कनाडा का वीजा लगवा देंगे। उसके बाद आरोपियों ने न तो उसे कनाडा भेजा और न ही उसके पैसे वापस दिए, बल्कि उसे जान से मारने व झूठे केस में फंसाने की धमकी दी थी। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।