नई एस्ट्रोटर्फ में अभ्यास से नए खिलाड़ियों को मिलेगा फायदा
- मारकंडेश्वर हॉकी स्टेडियम में नई एस्ट्रोटर्फ बिछाने पर कोच बलदेव सिंह प्रसन्न
- नवोदित खिलाड़ियों को टर्फ पर अभ्यास करने का होगा जबरदस्त फायदा: बलदेव सिंह
अमर उजाला ब्यूरो
शाहाबाद। द्रोणाचार्य अवॉर्डी कोच बलदेव सिंह ने मारकंडेश्वर हॉकी स्टेडियम में नई एस्ट्रोटर्फ बिछाने पर काफी खुशी जताई। इसके लिए खेल विभाग हरियाणा, खेल मंत्री अनिल विज और राज्यमंत्री कृष्ण बेदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मापदंडों के अनुसार करोड़ों रुपये की लागत से बनी यह टर्फ बढ़िया है। आने वाले 14 वर्षों के लिए खिलाड़ियों को टर्फ पर अभ्यास का मौका मिलेगा। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को अपने नगर में आने पर यह टर्फ अभ्यास करने के लिए अत्यंत फायदेमंद साबित होगी। वहीं यहां की नर्सरी की नवोदित खिलाड़ियों को भी इस टर्फ पर अभ्यास करके राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने का मौका मिलेगा। इससे वह केवल शाहाबाद ही नहीं बल्कि हरियाणा एवं देश का नाम विश्वभर में रोशन कर सकेंगे। सोमवार को मारकंडेश्वर हॉकी स्टेडियम में पहुुंचे पूर्व डिप्टी डायरेक्टर खेल एवं हॉकी कोच बलदेव सिंह ने कहा कि वेल्डिंग के दौरान टर्फ के जले हुए टुकड़े को बदलने के बाद इस पर अभ्यास करने और खेलने में कोई भी परेशानी नहीं होगी। तबादले को लेकर शाहाबाद की नर्सरी के हाकी खिलाड़ियों को प्रदर्शन नहीं करना चाहिए था। बलदेव सिंह ने कहा कि उन्होंने जितने भी खिलाड़ी आज तक तैयार किए हैं और जो अंतरराष्ट्रीय स्तर तक खेले हैं, सभी ने अनुशासन के बीच में रहते हुए अभ्यास करके यह मुकाम हासिल किया। उन्होंने कहा कि ऐसे मुद्दों को आपसी विचार-विमर्श से भी मिल बैठकर सुलझाया जा सकता था।