छात्रों ने दिया फसलों के अवशेष न जलाने का संदेश
अमर उजाला ब्यूरो
पिहोवा।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सारसा के एनएसएस के स्वयंसेवकों ने सोमवार को ग्रामीणों को खेतों में फसलों के अवशेष न जलाने के लिए जागरूकता रैली निकाली। कार्यक्रम अधिकारी इशा कुमारी ने बताया कि खेतों में फसलों के अवशेष जलाने से पर्यावरण प्रदूषण होने के साथ मित्र कीट भी नष्ट हो जाते हैं। आग लगाने की जगह यदि किसान खेतों में पानी दें तो गेहूं की फसल को फायदा होगा। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को स्वच्छ रखना हमारा कर्तव्य है। फसलों के अवशेष जलाने से कई प्रकार की बीमारी हो जाती हैं। इस मौके पर बलवान, विरेंद्र, रामफल, सुभाष, सुल्तान आदि मौजूद रहे।