अमर उजाला ब्यूरो
शाहाबाद। शाहाबाद में आवारा कुत्ते ने करीब 22 लोगों को काट लिया, जिस कारण बेंगलस मार्केट के पास लोगों ने गुजरना बंद कर दिया। इस कुत्ते का शिकार हुए सभी लोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचे। इतनी बढ़ी संख्या में डॉग बाइट के केस पहुंचने से अस्पताल में भी हड़कंप मच गया। लेकिन दोपहर 2 बजे अस्पताल बंद होने के कारण कुछ रोगियों को प्राईवेट अस्पतालों में जाकर एंटी रेबिज इंजेक्शन लगवाना पड़ा। बता दें कि सरकारी अस्पताल में यह इंजेक्शन 100 रुपये में लगाया जाता है जबकि बाहर इसकी कीमत 5 गुणा अधिक है। डॉग बाइट के कारण सामुदायिक केंद्र में पहुंचने वालों में राधिका, कर्मवीर, पंकज, लखविंद्र नलवी, जोनस, ऋषब, सतीश, राजीव, दीप्ति, हेमंत, कांशी राम, मुस्कान, लव कुमार, अभिनव, लज्जा राम, वंश, करनैल सिंह तथा कुनाल आदि के नाम शामिल हैं। हालांकि जब इसकी सूचना नपा प्रशासन को मिली तो नपा कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आवारा कुत्ते को मौत के घाट उतार दिया गया है। डा. रविन्द्र शर्मा ने बताया कि सरकार द्वारा एक इंजेक्शन का 100 रुपये रेट निर्धारित किया गया है , जिसकी रसीद मरीज को दी जाती है। उन्होंने बताया कि यदि किसी को कुत्ता काट लें तो ऐसे मरीज के जख्म को काफी समय तक पानी से धोना चाहिए, घाव को खुला छोडना चाहिए तथा नियमित इंजेक्शन लगवाने चाहिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में दवाईयां उपलब्ध हैं।