अमर उजाला ब्यूरो
पिहोवा। उपमंडल प्रशासन, आयुष विभाग और पतंजलि योग समिति के संयुक्त तत्वाधान में उपमंडल स्तर पर तीसरे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन अनाज मंडी में होगा। जिसकी तैयारियों को लेकर एसडीएम पूजा चावरिया ने अपने कार्यालय में उपमंडल से संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक ली और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिये। एसडीएम ने कहा कि उपमंडल, तहसील तथा ब्लॉक स्तर के सभी प्रशासनिक अधिकारी व कर्मचारियों को योग प्रोटोकोल का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। उन्होंने बताया कि 19 जून को नई अनाज मंडी परिसर में फाइनल योग रिहर्सल की जाएगी। जिसमें पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि, नगर पार्षद, स्कूली बच्चे, प्रशासनिक अधिकारी व कर्मचारी सहित करीब 1100 की संख्या में योग साधक भाग लेंगे। इस मौके पर बीडीपीओ प्रेम सिंह, नायब तहसीलदार राजेंद्र रोहिल्ला, कृष्ण ढुल, बीईओ राजकुमार तुषार, नपा सचिव सुशील कुमार, सेक्रेटरी मार्केट कमेटी दीपक सिहाग, एसडीओ अमन कुमार, गौरव कुमार, वीके गोयल सहित कई लोग मौजूद रहे।