कुरुक्षेत्र। साइबर ठगों ने दंपती को ऑनलाइन बिल जमा कराने का झांसा देकर 1.12 लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने गैस बिल का लिंक भेजकर वारदात को अंजाम दिया। थाना साइबर में दर्ज शिकायत में निर्मल कुमार निवासी सेक्टर-तीन ने बताया कि वह मर्चेंट नेवी मुंबई में तैनात है। उसके पास अनजान नंबर से कॉल आई। कॉलर ने कहा वह गैस कंपनी से बात कर रहा है। आपका बिल बकाया है और उसने मोबाइल पर लिंक भेज दिया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने लिंक पर क्लिक किया तो खाते से 37,500 रुपये कट गए। उसके बाद शिकायतकर्ता की पत्नी के पास भी उसी नंबर से कॉल आई। बिल बकाया बताकर लिंक भेजा। पत्नी ने लिंक खोला तो उसके खाते से 75 हजार रुपये कट गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।