अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। हरियाणा कला परिषद और संस्कार भारती की ओर से मल्टी आर्ट कल्चरल सेंटर की भरतमुनी रंगशाला में 11 से 16 दिसंबर तक राष्ट्रीय नाट्य उत्सव का आयोजन किया जाएगा। मैक के अतिरिक्त मुख्य सलाहकार संजय भसीन ने बताया कि इस उत्सव की शुरुआत कुरुक्षेत्र के फेथ इन थिएटर ग्रुप द्वारा ऋषिपाल के निर्देशन में तैयार नाटक गुहार से होगी, जिसमें थानेसर विधायक सुभाष सुधा बतौर मुख्य अतिथि होंगे। दूसरे दिन दिल्ली के कलाकार नाटक विवेकानंद का मंचन करेंगे। हिसार के कलाकार 13 दिसंबर को नाटक चाणक्य प्रस्तुत करेंगे, वहीं अगले दिन दर्पण ग्रुप लखनऊ के कलाकार नाटक हरीशचंद्र की लड़ाई का मंचन करेंगे। उत्सव के पांचवें दिन चंडीगढ़ के थिएटर फॉर थिएटर ग्रुप द्वारा नाटक राजा नाहर सिंह प्रस्तुत किया जाएगा। उत्सव का समापन प्रदेश के राज्यपाल प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी की उपस्थिति में गोरखपुर के कलाकारों द्वारा अभिनीत नाटक सम्राट अशोक के मंचन के साथ होगा। नाटकों का समय प्रतिदिन शाम 6 बजे रहेगा।