संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। गांव ज्योतिसर स्थित स्कूल में थप्पड़ मारने की रंजिश में दसवीं के विद्यार्थी ने अपने भाई व दोस्त के साथ मिलकर 12वीं के छात्र को चाकू घोंप दिया। लहूलुहान अवस्था में छात्र को एलएनजेपी अस्पताल भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए। मामला एक साल पुरानी रंजिश का बताया जा रहा है। इस घटना से स्कूल में दहशत का माहौल है। पुलिस हत्या के प्रयास समेत कई धाराओं मामला दर्ज करके तीनों आरोपियों की तलाश कर रही है।
ज्योतिसर पुलिस चौकी में दी अपनी शिकायत में घायल छात्र ने बताया कि वह ज्योतिसर के सरकारी स्कूल में 12वीं कक्षा का छात्र है। सोमवार सुबह करीब 11 बजे उसका एक पीरियड खाली था, जिसके चलते वह अपने दोस्तों के पास मैदान में चला गया था। वह आपस में बातचीत कर ही रहे थे कि अचानक उसी के स्कूल का 10वीं कक्षा का छात्र अपने भाई और एक दोस्त के साथ उसेके पास आया और उस पर चाकू से हमला कर दिया।
यह सब इतना जल्दी हुआ कि उसे कुछ समझ में ही नहीं आया और चाकू उसके पेट में बायीं ओर लगा। उसने थोड़ा संभल कर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपी ने तेजी से उस पर चाकू से दूसरा वार कर दिया, जो उसकी बायीं जांघ पर लगा। वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए। लहूलुहान अवस्था में उसे एलएनजेपी अस्पताल भर्ती कराया गया। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने छात्र की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस तीनों आरोपियों की तलाश कर रही है। जांच में सामने आया कि एक साल पहले आरोपी छात्र को घायल छात्र ने थप्पड़ मारा था। हो सकता है कि इसी रंजिश आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया हो। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
कुछ दिन पहले भी दी थी धमकी
घायल छात्र ने बताया कि कुछ दिन पहले भी आरोपी ने उसे धमकी दी थी। उसे तब कुछ समझ नहीं आया था, क्योंकि उसका स्कूल या बाहर किसी के साथ कोई झगड़ा नहीं है। आरोपी ने उस पर एक साल पहले थप्पड़ मारने की बात पर हमला करने की बात कही थी।