पिहोवा। रविवार को शहीदों की याद में बनने वाले शहीद स्मारक का शिलान्यास किया जाएगा। जिसमें डीसी सुमेधा कटारिया व एचएसएससी चेयरमैन भारत भूषण भारती गुहला रोड स्थित भाई उदय सिंह की हवेली पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस के निकट शहीदी स्मारक का नींव पत्थर रखेंगे। इसमें शहीद सुशील कुमार के परिजन भी मौजूद रहेंगे। पालिका सचिव सुशील कुमार ने बताया कि स्मारक को जनता के सहयोग से एक ईंट शहीद के नाम अभियान चलाकर पूरा किया जा रहा है। जिसमें शहर की सामाजिक, धार्मिक संस्थाएं, समाजसेवी, राजनैतिक लोग सहित आमजन भी स्वेच्छा से सीमेंट, रेता, ईंट, सरिया व टाइलें सहित अन्य सामान उपलब्ध करवा रहे है। उन्होंने बताया कि इस बनने वाले स्मारक के लिए कोई नकद लेन देन नहीं किया जा रहा है। केवल सामग्री देकर कोई भी व्यक्ति शहीदों के प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित कर सकता है। बता दें कि पिहोवा की फैंसी कालोनी के बीएसफ में कार्यरत हवलदार सुशील कुमार पाकिस्तान की फायरिंग में शहीद हो गए थे। शहीद सुशील कुमार के सम्मान में सीएम मनोहर लाल ने उनके नाम से शहीदी स्मारक बनाने की घोषणा की थी।