कुरुक्षेत्र। ब्रह्मसरोवर में एक व्यक्ति का शव मिला है, जिसकी शनिवार देर सायं तक शिनाख्त नहीं हो पाई। जानकारी अनुसार थाना केयूके पुलिस को सुबह करीब सात बजे सूचना मिली कि ब्रह्मसरोवर के भीम घाट के समीप पानी पर शव तैर रहा है। एसआई हरपाल सिंह और अन्य पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकाला। उसके बाद उसकी जांच की तो जेब में दस रुपये का नोट मिला जबकि मृतक ने कुर्ता पाजामा पहना हुआ था। करीब 60 वर्षीय इस व्यक्ति के शव की देर सायं तक भी शिनाख्त नहीं हो पाई जबकि शव का कुछ हिस्सा जख्मी भी पाया गया। मामले की जांच कर रहे एसआई हरपाल ने बताया कि शव को लेकर आसपास के क्षेत्र में भी सूचना दी, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया, जिसके चलते शव को एलएनजेपी सिविल अस्पताल में रखा गया है।