कुरुक्षेत्र। थानेसर अनाज मंडी में गेहूं की बोरियों को ट्रक में रखते श्रमिक।
कुरुक्षेत्र। किसानों ने करीब छह माह कड़ी मेहनत कर अनाज मंडियों को गेहूं से लबालब कर दिया। यह किसानों की मेहनत का ही परिणाम है कि इस बार जिले की अनाज मंडियों व खरीद केंद्रों पर करीब 10 लाख क्विंटल गेहूं अधिक पहुंचा जबकि अभी भी गेहूं की आवक जारी है। 22 मई तक यह जारी रहने की संभावना जताई जा रही है और ऐसे में पिछले साल के मुकाबले इस बार गेहूं की आवक का आंकड़ा और बढ़ सकता है।
बता दें कि 16 मई तक ही जिले की अनाज मंडियों व खरीद केंद्रों पर 57 लाख 39 हजार 900 क्विंटल गेहूं की आवक हुई जबकि पिछले साल इसी दिन तक 47 लाख 86 हजार 230 क्विंटल गेहूं की आवक हुई थी। इस दिन पिछले वर्ष आवक शून्य हो चुकी थी जबकि इस बार कुछ आवक जारी है। इसके अगले दिन 17 मई को भी 11 हजार 850 क्विंटल गेहूं की खरीद की गई। बता दें कि इस कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की ओर से एक लाख 14 हजार हेक्टेयर रकबे में गेहूं की पैदावार का लक्ष्य रखा था, जिसमें से एक लाख 10 हजार 283 हेक्टेयर रकबे में गेहूं की बुआई किसानों द्वारा की गई थी। विभाग के मुताबिक इस बार किसी भी क्षेत्र में प्रति एकड़ 18 क्विंटल गेहूं से कम पैदावार नहीं रही है। कई क्षेत्रों में 20 क्विंटल तक रही है।
90,245 किसानों की गेहूं की फसल खरीदी जा चुकी
अब तक खाद्य आपूर्ति विभाग ने दो लाख 81 हजार 324 एमटी, हैफेड ने दो लाख 66 हजार 248 एमटी, हरियाणा वेयर हाउसिंग द्वारा 22473 एमटी व ट्रेडर्स ने 3878 एमटी गेहूं की खरीद की है। एजेंसियों द्वारा पांच लाख 63 हजार 106 मीट्रिक टन गेहूं का उठान कार्य पूरा कर लिया है, जिसमें से डीएफएससी द्वारा दो लाख 80 हजार 281 एमटी, हैफेड द्वारा दो लाख 65 हजार 934 एमटी, एचडब्लयूसी द्वारा 13 हजार 275 एमटी व ट्रेडर्स द्वारा 3616 एमटी गेहूं का उठान कार्य पूरा कर लिया है। विभिन्न एजेंसियों द्वारा अब तक 90245 किसानों की गेहूं की फसल को खरीदा है।