- हाईवे के पास झाड़ियों में मिला लहूलुहान हालात में शव
- फैक्टरी से लौटते समय एक दिन पहले लापता हो गया था देवी सिंह, तलाश में जुटी थी पुलिस
- मृतक की पत्नी थी आरोपी की जानकार, शक के आधार पर पूछताछ में हुआ खुलासा
संवाद न्यूज एजेंसी
घरौंडा। उपली गांव निवासी एक युवक की उसके दोस्त ने ही हत्या कर दी। वह एक दिन पहले से लापता था। उसका शव मंगलवार देर रात नेशनल हाईवे के सर्विस रोड के नजदीक झाड़ियों में लहूलुहान हालत में मिला है। परिजनों ने बताया कि उसकी हत्या में उसके दोस्त सहित कई अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उपली गांव निवासी 35 वर्षीय देवी सिंह हाईवे के पास स्थित एक फैक्टरी में काम करता था। सोमवार को वह जब घर नहीं लौटा तो परिजन पिछले 27 घंटे से उसकी खोज में लगे थे। इसके बाद मामले में पुलिस ने शक के आधार एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो खुलासा हुआ कि देवी सिंह की हत्या की गई है। इसके बाद पुलिस ने हाईवे से लगती झाड़ियों में छानबीन शुरू की और मंगलवार की देर रात उसका शव दिल्ली-पानीपत हाईवे के किनारे झाड़ियों में मिला। शव के चेहरे और सिर पर गहरे घाव हैं। सूचना मिलने के बाद फॉरेंसिक जांच टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए।
यूट्यूबर है मृतक की पत्नी
पूछताछ में पाया गया कि देवी सिंह की हत्या उसके ही दोस्त ने की है। ये भी पता चला कि मृतक देवी सिंह की पत्नी यू ट्यूबर है और हत्या करने के आरोपी व्यक्ति के साथ उसकी जान पहचान बताई जा रही है। देवी सिंह का शव मिलने के बाद घटनास्थल पर उसकी पत्नी किरण और उसके परिजन भी पहुंचे और इस मामले में अन्य आरोपियों से भी पूछताछ करने की मांग की।
थाना प्रभारी नसीब सिंह ने बताया कि देवी सिंह के लापता होने के बाद खोजबीन की जा रही थी। आरोपी दोस्त से शक के आधार पर पूछताछ की गई, जिसके बाद हत्या का खुलासा हुआ है। हाईवे के पास झाड़ियों से उसका शव बरामद किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अन्य जानकारी मिल सकेगी। परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।