गांव सिरसी के समीप बारात से लौट रहे एक युवक की कार को एक बोलेरो ने टक्कर मार दी, जिससे युवक की कार पलट गई और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। बोलेरो चालक के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी शिकायत में दादूपर निवासी सतपाल ने बताया भतीजे सुखबीर की शादी मंजूरा पैलेस में थी। इस शादी में उसका भांजा विशाल जो यूपी के गांव गढ़ी हसन जिला शामली का रहने वाला था। वह भी आया हुआ था। शादी से वह कार में सवार होकर गांव दादुपुर वापस आ रहा था तो गांव सिरसी के समीप पहुंचते ही पीछे से एक बोलेरो गाड़ी ने उस कार को टक्कर मार दी, जिससे कार डिवाडर से टकराकर पलट गई। वह उस कार के पीछे था तो उसने भांजे को कार से निकाला और अस्पताल लेकर गया, वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।