करनाल। बाजारों में कूड़ा फैलाने वालों पर नगर निगम की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। निगमायुक्त अभिषेक मीणा के निर्देश पर निगम की टीम ने बाजारों का निरीक्षण किया। जिसमें 200 दुकान के आगे गंदगी मिली तो इन सभी दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस चस्पा किए गए हैं। एक सप्ताह में जवाब मांगा गया है, जवाब संतोषजनक नहीं होने पर पांच हजार रुपये का जुर्माने का चालान किया जाएगा।
उप निगमायुक्त अरुण भार्गव ने बताया कि निरीक्षण के दौरान सभी दुकानदारों से अपील की गई कि वह दुकानों से निकलने वाला कूड़ा-कर्कट अपने डस्टबिन में रखें और उसे कूड़ा उठाने वाले टिप्परों में डालें। बाजारों में कूड़ेदान रखे गए हैं। ग्राहकों व राहगीरों को भी अपना कूड़ा इधर-उधर गिराने के बजाय इनमें ही डालना चाहिए। उन्होंने बताया कि करनाल शहर डस्टबिन फ्री शहर की श्रेणी में शामिल है। कूड़ा एकत्रीकरण को लेकर भिन्न-भिन्न जगहों पर बनाए गए अस्थाई सेकेंडरी डंपिंग प्वायंट्स को भी खत्म दिया गया था। उन्होंने बताया कि शत प्रतिशत कूड़ा अलग अलग करने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए नगर निगम, वार्ड पार्षद, मास्टर ट्रेनर, गैर सरकारी संगठन व रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन को साथ लेकर अभियान को सफल बनाएगा। प्रत्येक घर तक पहुंचकर घरेलू स्तर पर ही गीला व सूखा कूड़ा अलग-अलग करने, हरा व नीला डस्टबिन का प्रयोग करने, होम कंपोस्टिंग, अपने परिसर को साफ-सुथरा रखने व सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंध की जानकारी नागरिकों विशेषकर गृहणियों को दी जाएगी।