बड़ा गांव के युवक ने एक ही परिवार की दो महिलाओं को चाकू मारकर घायल कर दिया और मौके से फरार हो गया। इस दौरान महिला के परिजनों ने युवक की बाइक पर ईंटों से हमला कर दिया। ऐसे में आरोपी युवक मौके पर बाइक छोड़कर फरार हो गया। बाइक पर लॉरेंस बिश्नोई का नाम लिखा हुआ है। घायल मरीजों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर उनका इलाज चल रहा है।
परिजनों ने बताया कि गांव के ही आरोपी युवक छोटू ने तीन दिन पहले घर के एक सदस्य के सिर पर चाकू मारा था, जिसके बाद इसकी शिकायत संबंधित थाना पुलिस को की गई थी, लेकिन उसके बावजूद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोई भी कार्रवाई नहीं की। परिणाम ये हुआ कि आरोपी युवक का हौसला इतना बढ़ गया कि उसने आज फिर से घर की दो महिलाओं पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। गुस्साए परिजनों ने रात करीब नौ बजे बड़े गांव के बस अड्डे पर जाम लगा दिया, जिससे सड़क पर काफी लंबा जाम लग गया। इसके बाद जाम की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को आश्वासन देकर जाम खुलवाया।