करनाल। मौलिक शिक्षा विभाग की ओर से प्रदेश के सरकारी स्कूलों में समग्र शिक्षा के तहत योग की पुस्तकें भेजी गई हैं। ये पुस्तकें क्यों आई हैं, कौन इन्हें पढ़ाएगा, विद्यार्थियों की योग को लेकर परीक्षा होगी या नहीं, इससे शिक्षा विभाग के अधिकारी अनजान हैं। क्योंकि राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) गुरुग्राम की ओर से इसे लेकर अभी तक गाइडलाइन जारी नहीं की गई है।
इधर, परीक्षाएं शुरू होने से महज एक माह पहले किताबें आने से स्कूल प्रिंसिपल और शिक्षकों में भी इसे लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है, क्योंकि सरकार की ओर से इसी सत्र से योग को पाठ्यक्रम में भी शामिल करने की बात की गई थी। जबकि परीक्षा को लेकर अभी तक स्थिति स्पष्ट नहीं है। मार्च माह में परीक्षाएं होना प्रस्तावित हैं। हालांकि मई माह से प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों को रोजाना योगाभ्यास तो कराया जा रहा है। चर्चा यह भी है कि योग विषय की 10 नंबर की परीक्षा होगी।
करनाल जिले की बात करें तो यहां कक्षा छठी से आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए कुल 37 हजार किताबें भेजी गई हैं, इसी तरह से अन्य सभी जिलों में किताबें आई हैं। इन किताबों के सत्र खत्म होने के महज दो माह पहले आने के बारे में जब अधिकारियों से पूछा गया तो वे इससे अनजान हैं। ब्यूरो
रिविजन के साथ योग पढ़ना विद्यार्थियों के लिए चुनौती
सरकार की गाइडलाइन पर नजर डालें तो सत्र 2022-23 से पहली से 10वीं कक्षा तक पाठ्यक्रम में योग को अनिवार्य रूप से शामिल किया गया है। यदि यह विषय पाठ्यक्रम में है तो जाहिर सी बात है कि इसे पढ़ाने के बाद विद्यार्थियों को परीक्षा भी देनी होगी। लेकिन अब सत्र के अंत में अन्य सभी विषयों की रिविजन के साथ इस विषय को पढ़ना विद्यार्थियों के लिए चुनौती रहेगा। इधर, डाइट की ओर से पीटीआई और डीपीई को योग प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह भी सभी का पूरा नहीं हुआ।
पुस्तक में चार इकाइयां, प्रत्येक कक्षा के लिए अलग-अलग
एससीईआरटी की ओर से प्रकाशित पुस्तक (योग : स्वस्थ जीवन जीने का तरीका) में चार इकाईयां दी गई हैं। इनमें पहली इकाई परिचयात्मक है, जिसमें योग के उद्भव एवं इतिहास और यौगिक गतिविधियों को करने के लिए सामान्य दिशा निर्देशों को समझाती है। दूसरी इकाई कक्षा छठी के लिए है, जबकि तीसरी इकाई सातवीं और चौथी इकाई कक्षा आठवीं के लिए निर्धारित है। इसमें पाठ्य सामग्री के साथ चित्र भी दिए गए हैं, ताकि विद्यार्थियों को इसे पढ़ने व समझने में कोई परेशानी न हो।
जिले के किस खंड में कितनी किताबें
खंड किताबें
असंध 5031
घरौंडा 7584
इंद्री 4804
करनाल 9631
नीलोखेड़ी 5691
निसिंग 4266
कुल 37007
कक्षा छठी से आठवीं तक की किताबें हैं। इससे परीक्षा होनी है या विद्यार्थियों को केवल पढ़ने को दी गई हैं, इस बारे में अभी गाइडलाइन नहीं आई है। डाइट के माध्यम से स्कूलों में भेजी गई हैं।
- चंद्रमोहन, एपीसी, समग्र शिक्षा
विभाग की ओर से किताबें भेजी गई, जिन्हें विद्यार्थियों को दिया जा रहा है। इनकी परीक्षा होगी या नहीं इसकी जानकारी नहीं है। कक्षा छठी से आठवीं नॉन बोर्ड है, इसलिए परीक्षा को लेकर ज्यादा चिंता नहीं है।
- संजीव कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी, करनाल