संवाद न्यूज एजेंसी
घरौंडा। शहर में लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण को लेकर एसडीएम राजेश सोनी के नेतृत्व में सोमवार को नगर पालिका में अधिकारियों, वार्ड पार्षदों और शहर के प्रमुख दुकानदारों की एक बैठक बुलाई। इसमें अतिक्रमण को समाप्त करने पर विस्तार से चर्चा की गई। एसडीएम राजेश सोनी ने अराईपूरा रोड, एसडी मंदिर रोड और रेलवे रोड पर बढ़ रहे अतिक्रमण पर चिंता जताते हुए कहा कि दुकानदार सारा सामान दुकानों के अंदर ही रखें। सड़क व फुटपाथ घेरने वालों पर अब सीधी कार्रवाई की जाएगी। नगर पालिका प्रशासन जल्द ही रेलवे रोड पर सभी दुकानों के सामने पीली पट्टी लगाएगा, जो अतिक्रमण की अंतिम सीमा होगी। इसके बावजूद यदि किसी दुकानदार ने अतिक्रमण किया तो उस पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा और आगे कानूनी कार्रवाई से भी पीछे नहीं हटा जाएगा। नगर पालिका चेयरमैन हैप्पी लक गुप्ता, सचिव रविप्रकाश शर्मा आदि मौजूद रहे।