संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। अशोक नगर में एक युवक ने प्रेम विवाह के डेढ़ साल बाद घर में पंखे से फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। युवक ने एक सुसाइड नोट छोड़ा है। जिसमें उसने पत्नी को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है। उसने लिखा है कि उसकी पत्नी को उसकी चिता के पास न आने दिया जाए। पत्नी घर से फरार बताई जा रही है। परिजनों का आरोप है कि वह घर से सोने-चांदी के जेवरात व अन्य सामान ले गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस व एफएसएल की टीम ने मौका मुआयना कर शव पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज भिजवा दिया। वहीं सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना से परिवार में मातम पसर गया है।
मृतक कमलदीप के परिजनों ने आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी बहू घर से सोने-चांदी के जेवरात व अन्य सामान बैगों में भरकर फरार हो गई है। कमलदीप उससे काफी परेशान था। वह हर वक्त उससे झगड़ा करती रहती थी। बहू के कारण ही कमलदीप ने अपनी जान दी है। मृतक के भाई हन्नी ने बताया कि डेढ़ साल पहले कमलदीप ने लव मैरिज की थी। उसकी पत्नी कमलदीप को काफी परेशान करती थी। उसके पिता भी कमलदीप को तंग करते थे।
व्हाट्सएप स्टेटस पर लिखा ऐंड
कमलदीप ने फंदे पर झूलने से पहले अपना व्हाट्सएप स्टेटस पर अंग्रेजी में ईएनडी यानी ऐंड लिखा था। फंदा लगाने से पहले उसने अपना सारा दर्द सुसाइड नोट पर लिख दिया। वहीं फेसबुक पर अपनी सभी फोटो डिलीट कर दी।
‘आई लव यू पापा’
पत्नी से परेशान होकर कमलदीप ने फंदा लगाकर जान दी। उसने इसका जिक्र सुसाइड नोट में किया है। कमलदीप ने लिखा- ‘डियर पापा उसने जीवन में कई गलती की, लेकिन सबसे बड़ी गलती इस लड़की से शादी करके की है’। वहीं लिखा- ‘उसकी पत्नी को उसकी चिता के पास भी न आने दिया जाए, अंत में लिखा आई लव यू पापा’
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के मोर्चरी हाउस में रखवा दिया है। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस को सुसाइड नोट मिला है, वहीं परिजनों ने भी उसकी पत्नी व ससुर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने पत्नी और ससुर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
- कमलदीप, थाना प्रभारी, सिटी थाना