संवाद न्यूज एजेंसी
तरावड़ी/करनाल। तरावड़ी स्थित केएस राइस मिल के बॉयलर के गर्म पानी में झुलसने से मजदूर की मौत हो गई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप कर 174 की कार्रवाई कर दी है। तरावड़ी थाना प्रभारी मनोज ने बताया कि 21 वर्षीय बाबुल तरावड़ी के केएस राइस मिल में कार्य करता था। वह धर्मपाल कॉलोनी में रहता था। वह सोमवार सुबह राइस मिल में गया था जहां बॉयलर का गर्म पानी उसके ऊपर गिर गया और वह झुलस गया। परिजन उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उसे मृतक घोषित कर दिया। एडवोकेट राजेश शर्मा ने कहा कि जिले में काफी संख्या में राइस मिल हैं। इनके बॉयलर से कई मजदूरों की मौत हो चुकी है, क्योंकि इन राइस मिलों में मजदूरों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं होते। ऐसे में जिला प्रशासन को टीम का गठन कर इन राइस मिलों में जाकर सुरक्षा के इंतजामों का जायजा लिया जाए। राइस मिल मालिकों की भी यह जिम्मेदारी बनती है कि वे सुरक्षा के इंतजाम रखें।