संवाद न्यूज एजेंसी
घरौंडा। नई अनाजमंडी में लगने वाले सर्कस के लिए किराये पर दिए गए फड़ को उखाड़ने पर व्यापारियों का गुस्सा भड़क गया। व्यापारियों ने मामले की शिकायत एसडीएम अदिति से की। एसडीएम ने तुरंत कर्मचारी को भेज कर काम बंद कराने के निर्देश दिए। एसडीएम कार्यालय के कर्मचारियों ने मौके पहुंचकर काम बंद कराया।
नई अनाज मंडी में स्टेट वेयर हाउस के पास मार्केट कमेटी ने सर्कस लगाने की अनुमति दी है। मेले के मालिक ने फड पर बल्लियां लगाने के लिए खुदाई शुरू कर दी। जैसे ही व्यापारियों को मामले की सूचना मिली तो मंडी के प्रधान विनोद जैन, पवन गुप्ता सहित अन्य व्यापारी मौके पर पहुंच गए ओर उन्होंने काम को बंद करवा दिया। मंडी प्रधान जैन नें इसकी शिकायत एसडीएम अदिति से फोन पर की।
व्यापारियों ने बताया कि फड़ लगभग 30 से 35 साल पुराना है ओर बहुत मजबूत है ओर मेला लगाने वाले मालिक ने सैकड़ो गड्ढे फड़ में कर दिए है। इससे फड़ की मजबूती समाप्त हो जाएगी। उन्होंने कहा कि बारिश के समय में गड्ढों से पानी अंदर चला जाएगा ओर फड़ बैठ जाएगा। इससे मार्केट कमेटी को भारी नुकसान होगा।
शिकायत मिलने के बाद एसडीएम ऑफिस एक कर्मचारी पहुंचा और उन्होंने मेले के मालिक से परमिशन दिखाने के लिए कहा, लेकिन वहां से चला गया। कर्मचारी नें काम को बंद करने के निर्देश दे दिए। मार्केट कमेटी के सचिव कृष्ण कुमार ने बताया कि मंडी में फ़ड पर मेला लगाने के लिए विभाग ने परमिशन दी है। अगर कोई तोड़फोड़ हुईं है तो उसे मेले का मालिक ठीक करके देगा।