संवाद न्यूज एजेंसी
तरावड़ी। तरावड़ी नगरपालिका की बैठक में पार्षदों ने अधिकारियों पर विकास कार्य न करने के आरोप जड़े। गुस्साए पार्षदों ने अध्यक्ष विरेंद्र बंसल से कहा कि कहीं पर भी काम नहीं हो रहे हैं, जनता के बीच में जाते हैं तो लोग हिसाब मांगते हैं। हम जनता को क्या जवाब दें। इस पर सख्त हुए अध्यक्ष ने विकास कार्यों में तेजी के निर्देश दिए।
प्रधान विरेंद्र बंसल व पार्षदों ने नपा सचिव अजीत कुमार के साथ बैठक कर अभी तक अधूरे पड़े विकास कार्यों की गति तेज करने के साथ मेन बाजारों में दुकानों के बाहर सामान रखकर सड़क पर अतिक्रमण करने वाले लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई का फैसला लिया। नपा अधिकारियों ने सोमवार से फैसलों पर अमल का विश्वास दिलाया।
बैठक के दौरान पार्षद प्रतिनिधि लखविेंद्र सिंह व प्रेम चंद ने उनके वार्डों में ठप पड़े विकास कार्यों को लेकर विरोध जताया और कहा कि वार्ड की जनता उनसे हिसाब मांगती है। इसी तरह पार्षद सुरेंद्र खुराना व ओमप्रकाश मल्होत्रा ने भी कहा कि तरावड़ी के लगभग सभी वार्डों में सड़कों व नालियों की खस्ता हालत लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है।
यही कारण है क पिछले दो सालों में बार-बार बैठक के दौरान लिखकर दिए कामों में से अधिकतर काम आज तक शुरू नही हो पाए। कई पार्षदों ने इस मौके पर शहर के मेन बाजारों व अन्य जगहों पर लगातार हो रहे अतिक्रमण के खिलाफ अभियान तेज करने की मांग और इस बारे में किसी की सिफारिश न सुनी जाए इसकी भी मांग की।
नपा प्रधान विरेंद्र बंसल ने कहा कि शहर में विकास कार्यों को लेकर वह भी काफी परेशान है और ठप पड़े कामों का सबसे बड़ा कारण नगरपालिका में कर्मचारियों की कमी है। नपा सचिव अजीत कुमार को कहा कि वह जो कर्मचारी उपलब्ध है उनके साथ मिलकर ही कामों को गति दे और किसी भी पार्षद को शिकायत का मौका न दे, क्योंकि जनता अपने चुने प्रतिनिधियों से जवाब मांगती है तो उनके लिए जवाब देना मुश्किल हो जाता है।
इस पर नपा सचिव अजीत कुमार ने विश्वास दिलाया कि सोमवार से अधूरे पड़े कामों को न केवल तेज किया जाएगा इसके अलावा जो काम शुरू नही हुए है। उन्हें तुरंत शुरू किया जाएगा। इस अवसर पर पार्षद नरेश गाबा, अंकित चौधरी, देश राज व मुकेश कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे।