- पुरुष टीम ने फाइनल में पानीपत को 3-0 से हराया
खेल महाकुंभ के तहत कुरुक्षेत्र में आयोजित हुई प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। खेल महाकुंभ के राज्य स्तरीय मुकाबले में करनाल की महिला वॉलीबॉल टीम ने स्वर्ण पदक जीता है। कुरुक्षेत्र के एनआइटी में आयोजित मुकाबले में करनाल टीम ने जींद को 3-0 से हराकर यह मुकाबला जीता।
शाम के सत्र में आयोजित पुरुषों के मुकाबले में पुरुष टीम ने पानीपत को फाइनल मैच में 3-0 से हरा दिया। सावन, पारस, छत्रपाल का इस मुकाबले में सबसे अहम रोल रहा, जिसकी बदौलत करनाल की पुरुष टीम ने भी फाइनल मैच जीतकर स्वर्ण पदक कब्जे में किया है। महिलाओं के मुकाबले में तन्नु, मंजीत, मुस्कान व साधना का प्रदर्शन काफी सराहनीय रहा। वॉलीबॉल कोच अश्वनी कुमार ने बताया कि पुरुष टीम ने सेमीफाइनल में भिवानी को हरा फाइनल में प्रवेश किया था। इससे पहले पुरुष टीम ने फतेहाबाद को 3-1 के अंतराल से हराया था। शनिवार को आयोजित मुकाबले में महिला टीम ने सेमीफाइनल मैच में पंचकूला को 3-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। इससे पहले महिला टीम सिरसा को 2-0 व कैथल को 2-1 के अंतराल से हराकर सेमीफाइनल तक पहुंची थी।
कुरुक्षेत्र एनआईटी के वॉलीबॉल कोर्ट में आयोजित राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ के फाइनल मैच में पुरुष व महिला टीम ने स्वर्ण पदक जीत लिया है। इस उपलब्धि से कर्ण स्टेडियम व कर्ण नगरी में खुशी का माहौल है। सभी वॉलीबॉल खिलाड़ियों ने टीम व कोच को बधाई दी है। इस दौरान करनाल की टीम का प्रदर्शन अव्वल रहा।
दोनों टीमों में अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा
वॉलीबॉल कोच अश्विनी कुमार ने बताया कि रविवार को आयोजित महिला व पुरुषों के फाइनल मुकाबले में करनाल टीम के अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों का प्रदर्शन उम्दा रहा। इसी की बदौलत करनाल की दोनों टीमों ने यह मुकाम पाया है। पुरुष टीम में सावन, पारस, छत्रपाल व महिला टीम में तन्नु, मंजीत, मुस्कान व साधना का प्रदर्शन बेहतरीन रहा।