- सेक्टर-7 में संध्या आरती से लौट रहीं भजन गायिका समेत तीन महिलाएं हुई थीं हादसे का शिकार
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। संधु काॅलोनी के सामने ग्रीन बेल्ट सेक्टर-7 में 29 मई की शाम दो महिलाओं को टक्कर मारने वाला आरोपी काबू कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी शराब के नशे में तेज संगीत के बीच चलती कार में रील बना रहा था। इसी दौरान भजन गायिका समेत तीन महिलाओं को टक्कर मार दी। इस हादसे में भजन गायिका समेत दो महिलाओं की मौत हो गई थी।
पुलिस ने बताया कि नंगला मेघा के कर्ण विहार कॉलोनी निवासी आरोपी अमित अरोड़ा कर्ण विहार में स्टोर संचालक है। वह 29 मई की शाम कार लेकर घर से निकला था और शराब के नशे में था। आरोपी कार में सवार होकर सेक्टर-सात की तरफ निकला था। इसी दौरान कार के शीशे नीचे कर तेज संगीत बजा लिया। इसके बाद आरोपी कार में से अपनी बाजू बाहर निकालकर सेल्फी और रील बनाने लगा। इसी दौरान सेक्टर-छह निवासी भजन गायिका अंजू सांई और शशि को टक्कर मार दी। पुलिस ने आरोपी के पास से कार को बरामद किया। उप पुलिस अधीक्षक यातायात नायब सिंह ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज से जानकारी जुटाई गई। जिसके बाद आरोपी को कर्ण विहार से गिरफ्तार किया है।
-