- करनाल से दवा लेकर गांव लौट रहा था दंपती
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। दवा लेकर मूनक लौट रहे एक बाइक सवार दंपती को डंपर ने टक्कर मार दी। जिससे महिला व मोटरसाइकिल के ऊपर से डंपर का पहिया गुजर गया। ऐसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पति ने दो अन्य लोगों की मदद से पत्नी को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
रावर गांव मूनक निवासी सुनील ने सदर थाना पुलिस को बताया कि उसका मूनक गांव में ढाबा है। 26 मार्च की दोपहर वह अपनी बाइक पर अपने छोटे बेटे की दवाई लेने मूनक से करनाल आया था। उसकी मोटरसाइकिल पर पीछे पत्नी जूही बैठी थी और उसका बच्चा गोद में था। बुढ़नपुर नहर पर पहुंचे तो करनाल की तरफ से एक अज्ञात डंपर ने एकदम कट मार दिया। उससे बचने के लिए मोटरसाइकिल के ब्रेक लगाए।
इसी दौरान डंपर का पिछला पहिया उसकी मोटरसाइकिल व उसकी पत्नी के ऊपर से गुजर गया। वहां से गुजर रहे सुरेश व टिंकू निवासी मूनक मौके पर आ गए और वह उसकी मदद से पत्नी को कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज में लेकर गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।