- पहले चरण में आएंगी पांच इलेक्ट्रिक बसें, 29 फरवरी से शुरू होगा संचालन, 35 किलोमीटर के दायरे में चलेंगी
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। इस माह के अंत में कर्ण नगरी के लोगों को एक बार फिर शहरी बस सेवा की सौगात मिलेगी। इस बार हरियाणा रोडवेज यह सेवा शुरू करेगा। इसके लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। खास बात यह है कि एसी बसें होने के कारण आने वाली गर्मी के मौसम में ये बसें लोगों को राहत भरा सफर कराएंगी।
हरियाणा रोडवेज करनाल डिपो के बेड़े में पहले चरण में पांच इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जा रही हैं। बसें अलॉट हो चुकी हैं। 29 फरवरी से इनका संचालन शुरू होगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल इन बसों के संचालन का उद्घाटन कर सकते हैं। रोडवेज की योजना के अनुसार, इन बसों को 35 किलोमीटर की परिधि में ही चलाया जाएगा। इस दौरान कुटेल की मेडिकल यूनिवर्सिटी से लेकर अंजनथली की बागवानी यूनिवर्सिटी तक लोगों को सफर की सुविधा दी जाएगी। इसके अलावा शहर के हर मुख्य मार्ग और शिक्षण संस्थान, अस्पताल को ध्यान में रखते हुए रूट चार्ट तैयार किया जा रहा है। करनाल रोडवेज के बेड़े में 50 इलेक्ट्रिक बसें चलाई जानी हैं। पानीपत और यमुनानगर के बाद सरकार की ओर से करनाल और पंचकूला में अब पांच-पांच बसे देकर नई सुविधा शुरू की जा रही है।
चार्जिंग स्टेशन किया जा रहा तैयार
इलेक्ट्रिक बसों के शीघ्र संचालन के लिए पुराने बस अड्डे पर चार्जिंग स्टेशन भी तैयार किया जा रहा है। ताकि बस संचालन में दिक्कत न आए। हालांकि रोडवेज की ओर से सेक्टर-12 में इन बसों के लिए अलग से बस अड्डा बनाया जाना है। शहर में तीसरे बस अड्डे का निर्माण जिले के लोगों के लिए बड़ी सौगात होगा। इसके लिए सेक्टर-12 में न्यायिक परिसर के पीछे रोडवेज की करीब तीन एकड़ जगह निर्धारित है। निर्माण कार्य पर 12.97 करोड़ रुपये की राशि खर्च होगी।
तीन हजार लीटर डीजल की खपत घटेगी
रोडवेज के बेड़े में शामिल सभी 161 बसों के संचालन के लिए रोजाना नौ हजार लीटर डीजल की खपत होती है। इसमें से करीब तीन हजार लीटर डीजल ग्रामीण मार्गों पर चलने वाली बसों में खर्च होता है। नई 50 इलेक्ट्रिक बसों के आने के बाद इन्हें ग्रामीण मार्ग पर भी चलाएंगे। इससे जिले में खपत होने वाला तीन हजार लीटर डीजल बचेगा, साथ ही वायु भी प्रदूषित होने से बचेगी और बसों की संख्या भी बढ़ेगी।
पांच इलेक्ट्रिक बसें आवंटित हो चुकी हैं। 29 फरवरी से इन बसों का संचालन शुरू होगा। चार्जिंग स्टेशन पुराने बस अड्डे पर ही तैयार किया जा रहा है। शुरुआत में शहरी बस सेवा के रूप में इन्हें चलाया जाएगा।
- कुलदीप सिंह, जीएम रोडवेज