गांव ठरी में एक युवक द्वारा चचेरे भाई और पत्नी से परेशान होकर सल्फास खाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया।
मरने से पूर्र्व पीड़ित विजय निवासी ठरी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसकी पत्नी उसका कहना नहीं मानती है और दूसरों के घर बैठी रहती है। जब वह उसे किसी के घर जाने से रोकता है तो वह उसे तलाक लेकर अपने घर जाने की बात कहती है। पीड़ित ने बताया कि वह सल्फास की गोली लेकर आया था। वीरवार को उसने अपनी पत्नी से कहा कि अगर वह कहना नहीं मानेगी तो वह गोली खा लेगा। उसकी पत्नी ने हल्के में लिया और बोली कि ऐसे कोई गोली नहीं खाया करता। उसने मजाक समझते हुए कहा कि लाओ मै ही गोली खा लेती हूं। पत्नी द्वारा गंभीर बात को भी मजाक में समझने से आहत होने पर उसने वास्तव में सल्फास की गोली खा ली। हालत बिगड़ी तो परिजनों ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं पर उसने पुलिस को ये बयान भी दिया। इसमें उसने स्पष्ट रूप से कहा था कि उसने सल्फास की गोली खाई है, क्योंकि उसकी पत्नी उसका कहना नहीं मान रही है। वह इससे काफी परेशान है। शुक्रवार को उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
वर्जन
पुलिस ने मृत्यु से पूर्व पीड़ित के बयान के आधार पर पीड़ित के चचेरे भाई सुनील और पीड़ित की पत्नी के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
बलजीत सिंह, थाना प्रभारी, असंध।