माई सिटी रिपोर्टर
करनाल/निसिंग। रविवार को अनाज मंडियों में गेहूं की आवक नाममात्र ही हुई। जिले की 23 अनाज मंडियों, उप मंडियों व खरीद केंद्रों में से सिर्फ करनाल सहित पांच मंडियों व केंद्रों पर सिर्फ 71720 क्विंटल गेहूं ही खरीदा जा सका, लेकिन अब गेहूं की कुल आवक 70 लाख क्विंटल से भी पार निकल गई है। लिफ्टिंग में भी तेजी आई है। अब तक 68 प्रतिशत गेहूं का उठान हो चुका है लेकिन अभी 2243510 क्विंटल गेहूं मंडियों में पड़ा है। दिनभर बादलों के छाए रहने से आढ़तियों व किसानों की धड़कनें बढ़ी रही। रविवार को मंडलायुक्त साकेत कुमार ने निसिंग अनाज मंडी पहुंचकर खरीद व्यवस्था का जायजा लिया। एजेंसियों को लिफ्टिंग में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मंडल आयुक्त साकेत कुमार रविवार को निसिंग अनाज मंडी पहुंचे। यहां गेंहू के बैगों का उठान का कार्य सुचारू रूप से चलता मिला। इस दौरान उन्होंने मंडी सचिव को लिफ्टिंग के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आढ़तियों को गेहूं के उठान में किसी प्रकार की समस्या नहीं आने दी जाएगी। उनके साथ नायब तहसीलदार सागर मल, डीएमइओ ईश्वर राणा, डीएफएससी वीरेंद्र कुमार, मार्केट कमेटी सचिव बलवान सिंह, हैफेड निरीक्षक दर्शन सिंह, फूड एंड सप्लाई निरीक्षक अशोक शर्मा, मंडी सुपरवाईजर धर्मबीर चौधरी, जेइ नरेंद्र राणा, अजाम मंडी प्रधान रतन लाल गोयल, व्यापार कर्ण सिंह गुनियाणा, बलवीर राणा, वेद प्रकाश त्यागी व प्रेम खेड़ा सरपंच नरेंद्र चौधरी सहित अन्य मौजूद रहे। खरीद एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने बताया कि जिले में कुल खरीद 7022930 क्विंटल हुई है, जिसमें से 4779420 क्विंटल की लिफ्टिंग हो गई है। 2243510 क्विंटल शेष है। रविवार को सिर्फ करनाल, कुंजपुरा, निगदू, सालवन व तरावड़ी में ही कुल 71720 क्विंटल गेहूं खरीदा गया है। शेष मंडियों में खरीद नहीं हो सकी।
किसानों को खातों में किया जा रहा भुगतान
कुंजपुरा। कुंजपुरा व घीड़ अनाज मंडी में सामान्य रूप से गेहूं की खरीद जारी है। इन दोनों अनाज मंडियों में अब तक 2 लाख 85 हजार 567 क्विंटल गेहूं की आवक हो चुकी है। जिसमें से 2 लाख 79 हजार 53 क्विंटल गेंहू विभिन्न सरकारी खरीद एजेंसियों द्वारा खरीदा गया है। कुंजपुरा मार्केट कमेटी सचिव सविता चौधरी ने बताया कि बीते एक अप्रैल से गेहूं की सरकारी खरीद शुरू होने से अब तक इन अनाज मंडियों में जितने गेहूं की आवक हुई है उसमें से 2 लाख 23 हजार 34 क्विंटल गेंहू का उठान भी सुनिश्चित किया जा चुका है। अब तक दोनों अनाज मंडियों में 950 किसानों को भुगतान दिया जा चुका है।