संवाद न्यूज एजेंसी
घरौंडा। पुरानी पेंशन संकल्प साइकिल यात्रा रविवार को करनाल जिले में प्रवेश कर गई। यात्रा का स्वागत सबसे पहले गांव कोहंड में किया गया। वहीं शहर के विभिन्न चौक व अन्य स्थानों पर साइकिल यात्रा का जोरदार स्वागत किया गया। कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
संकल्प साइकिल यात्रा के अध्यक्ष विजेंद्र सिंह धारीवाल ने कहा कि दो जून से नांगल खेड़ी से चली यात्रा 23 जून को चंडीगढ़ पहुंचेगी और अपनी मांगों का ज्ञापन राज्यपाल को सौंपेंगे। उन्होंने कहा कि सन 2004 में पेंशन बंद कर दी थी। पेंशन बुढ़ापे का सहारा होता है और सरकार ने वही सहारा छीन लिया।
पुरानी पेंशन बहाली की मांग कर्मचारी काफी दिनों से करते आ रहे है। किसी भी सरकार ने उनकी मांग को पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि सरकार उनकी मात्र एक मांग को पूरा करें अन्यथा आने वाले चुनावों के कर्मचारी डटकर विरोध करेंगे। इस मौके पर केंद्रीय समिति के सदस्य संदीप शर्मा, जिला अध्यक्ष संदीप टुर्ण, ब्लॉक अध्यक्ष संजीव कुमार, अंकित राणा, नरेश सेन आदि मौजूद रहे।