करनाल/शामली। सुंदरनगर में 10 जुलाई को व्यापारी के घर में हुई डकैती में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश सोनू को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया जबकि एक सिपाही मुकेश गिरी भी हाथ में गोली लगने से घायल हुआ।
सुंदरनगर में टेंट व्यापारी बलविंद्र उर्फ बिल्लू के घर में घुसकर पांच बदमाशों ने डकैती डाली थी। पुलिस चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटी गई रकम एवं अन्य सामान को पहले ही बरामद कर चुकी है जबकि मुख्य आरोपी सोनू फरार चल रहा था।
बुधवार सुबह को भडी-बिडौली मार्ग पर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद सोनू मूल निवासी सुंदरनगर हाल निवासी करनाल को गिरफ्तार कर लिया। बदमाश के कब्जे से तमंचा, पांच कारतूस, दो खोखा, सोने की अंगूठी, 5500 रुपये, मोबाइल व बाइक बरामद हुई। घायल बदमाश व सिपाही का अस्पताल में उपचार कराया गया। मुठभेड़ की सूचना पर एएसपी संतोष कुमार, सीओ अमरदीप मौर्य व थाना पुलिस के साथ फॉरेसिंक टीम भी मौके पर पहुंची।
करनाल, पानीपत, रोहतक में भी डकैती की वारदात में शामिल रहा है सोनू
एएसपी ने बताया सोनू पर पूर्व में कई प्रदेशों में डकैती व हत्या के छह मामले दर्ज हैं। वह पंजाब में डकैती के दौरान मकान मालिक की हत्या में शामिल रहा। हरियाणा के करनाल, पानीपत, रोहतक व सहारनपुर के गंगोह में भी डकैती की वारदात को अंजाम दे चुका है। करनाल में पुजारी की हत्या में सोनू शामिल रहा था।