यमुनानगर। लोकसभा चुनाव की तरह होने वाले विधानसभा चुनाव में भी 85 वर्ष से अधिक की आयु के मतदाता घर से मतदान कर सकेंगे। इसके लिए मतदाताओं को चुनाव कार्यालय में फार्म नंबर 12 डी भरकर देना होगा। उसके बाद ही इस आयु के मतदाताओं को लाभ मिल सकेगा।
वहीं जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन मनोज कुमार ने बताया कि विधानसभा चुनाव को लेकर जिले में निष्पक्ष और बिना प्रलोभन के चुनाव करवाया जाएगा और सभी मतदाताओं से अपील की जाएगी कि वह अपने मत का प्रयोग करें। चुनाव आयोग द्वारा निर्णय लिया गया है कि 85 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं को घर पर ही वोट डलवाने का प्रावधान किया गया है।
पोलिंग बूथों पर होगी जरूरी सुविधाएं
कैप्टन मनोज ने कहा कि सभी पोलिंग बूथों पर पीने का पानी, महिला व पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय, विकलांगों के लिए रैंप आदि की सुविधा दी जाएगी तथा इस बार भी चुनाव आयोग की हिदायतों अनुसार पिंक बूथ व मॉडल बूथ बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जिले में टोल फ्री नंबर 1950 है। वोट से जुड़ी कोई भी सहायता या शिकायत इस नंबर पर कर सकते हैं। चुनाव में मॉनिटरिंग के लिए सी विजिल एप बनाया गया है। कोई भी इस पर अपनी शिकायत दर्ज कर सकता है, जिसकी जानकारी चुनाव आयोग द्वारा 100 घंटे तक दी जा सकेगी। उम्मीदवार चुनाव प्रचार के लिए अधिक से अधिक 40 लाख रुपये खर्च कर सकते हैं।