अंबाला। आईटीआई और पाॅलीटेक्निक में दाखिला लेने वाली विद्यार्थियों का रुझान कंप्यूटर और एमएलटी फील्ड में अधिक हो रहा है। इससे अन्य फील्ड में दाखिले घट रहे हैं। अंबाला सिटी के कल्पना चावला पाॅलीटेक्निक कॉलेज में कंप्यूटर और एमएलटी कोर्स को छोड़कर अन्य सभी कोर्स में सीटें रिक्त हैं।
कॉलेज में छह कोर्स के लिए लगभग 100 सीटें खाली हैं। इनमें इलेक्ट्राॅनिक, मेडिकल लैब, लाइब्रेरी, ऑफिस मैनेजमेंट, इलेक्ट्रिक और फाइनेंस कोर्स में 30 से 40 प्रतिशत सीटें खाली हैं। वहीं राजकीय पॉलीटेक्निक के प्रिंसिपल राजीव सपरा ने बताया कि उनके यहां अब 12 सीटें प्लास्टिक टेक्नॉलाॅजी पाठ्यक्रम में खाली हैं। अधिकांश विद्यार्थी सरकारी नौकरी की चाह को लेकर अन्य ट्रेड को चुन लेते हैं इस कारण से कुछ ट्रेडों में सीट भरना मुश्किल होता है। जबकि हैरानी की बात है कि जिन ट्रेडों में सीट भरने को संघर्ष कर रहे हैं उनमें प्लेसमेंट अच्छा होता है।
कल्पना चावला पोलिटेक्निक कॉलेज प्राचार्य इंदु ने बताया कि विद्यार्थियों का अधिकतर रुझान कंप्यूटर व एमएलटी में ही रहता है। इसलिए एडमिशन शुरू होते ही इन फील्ड की सीटें भर जाती हैं। कुछ कोर्स की फीस बहुत अधिक होती है। इसलिए भी विद्यार्थी उनमें एडमिशन नहीं लेते। उन्होंने कहा कि कॉलेज में दाखिले के लिए अंतिम तारीख 15 सितबंर है। अंतिम तारीख तक विद्यार्थियों का दाखिला किया जाएगा।
आईटीआई में दाखिले का अंतिम दिवस
आईटीआई में दाखिला लेने के लिए शनिवार 31 अगस्त को अंतिम दिवस था। लेकिन इसके बाद भी आईटीआई में दाखिले पूरे नहीं हुए है। मूलचंद आईटीआई अंबाला छावनी के ईएसआई अनुदेशक पवन कुमार ने बताया कि उनके संस्थान में विभिन्न कोर्स की 284 सीटें है जिनमें से करीब 39 सीटें खाली पड़ी हैं। शनिवार को एडमिशन का अंतिम दिवस है। उन्होंने कहा कि अधिकतर विद्यार्थी टन्रर्र, स्टेनो, इलेक्ट्रोनिक, वायर मैन, मैकेनिस्ट में दाखिला लेते हैं। विद्यार्थियों में चलन रहता है कि उक्त ट्रेड लेकर ही वह अच्छा रोजगार प्राप्त कर सकते हैं। इसलिए एक ही तरह के कई कोर्स चलन में रहते हैं और उनमें दाखिले भी अधिक होते हैं। उन्होंने कहा कि उनके संस्थान में प्रत्येक वर्ष 100 प्रतिशत दाखिले होते थे। इस बार ही सीटें रिक्त रही हैं। अगर दाखिले की तारीख आगे बढ़ेगी तो ही सीटें भरने की उम्मीद है।