संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। ऑल हरियाणा पावर कॉरपोरेशन वर्कर यूनियन के बैनर तले बिजली विभाग के कर्मचारियों ने सेक्टर 12 स्थित बिजली निगम के कार्यालय में जमकर हंगामा किया। यूनियन नेताओं सब अर्बन सब डिवीजन के एसडीओ विनय कुमार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि उक्त एसडीओ ने न केवल यूनियन नेता लाइनमैन रमेश कुमार को सस्पेंड किया बल्कि यूनियन नेताओं से बैठक के दौरान गलत तरीके से बात की।
इससे पूर्व यूनियन नेताओं में राज्य सचिव सतीश मान, सर्कल चेयरमैन एनपी चौहान, सर्कल सचिव राजेंद्र राणा की अध्यक्षता में बैठक हुई। एसडीओ द्वारा की गई अभद्रता की यूनियन ने कडे शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि जब तक उक्त लाइनमैन को तुरंत प्रभाव से बाहाल नहीं किया जाता तो यूनियन की ओर से एसडीओ विनय कुमार का लगातार विरोध किया जाता रहेगा।
इस दौरान सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान सुशील गुर्जर ने कहा कि जहां कही भी कर्मचारियों के हक की बात आयेगी, कर्मचारी संघ कर्मचारियों के हितों के लिए सदैव तत्पर रहेगा। इस अवसर पर विशाल बनवाला, राजेंद्र राणा, प्रदीप कुमार, भाग सिंह, हरीश, सुरेंद्र शर्मा सहित कई यूनियन नेता व कर्मचारी मौजूद रहे।