करनाल। जनकपुरी नाले के पास एक व्यक्ति ने दो युवकों पर कांच की बोतल से हमला कर उन्हें घायल कर दिया और फरार हो गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवकों को अस्पताल में भर्ती कराया और उनकी शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।
हांसी रोड स्थित न्यू बहादुरचंद कॉलोनी निवासी शिवम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह नौ अप्रैल को पुरानी सब्जी मंडी से अपने घर जा रहा था। जनकपुरी नाले के पास किसी ने उनके सिर पर कांच बोतल मार दी। कुछ देर बाद उसी व्यक्ति ने कॉलोनी में रहने वाले युवक हर्ष के सिर पर भी बोतल से वार किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवकों से मामले की जानकारी ली और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने आरोपी युवक की तलाश की तो उसकी पहचान वाल्मीकि बस्ती में रहने वाले आयुष के रूप में हुई। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया।